टाइगर रिजर्व हुआ उजाड़... 1 लाख पेड़ काटकर 166 लोगों का कब्जा! ISRO की तस्वीरों ने मचाया हड़कंप

टाइगर रिजर्व हुआ उजाड़... 1 लाख पेड़ काटकर 166 लोगों का कब्जा! ISRO की तस्वीरों ने मचाया हड़कंप

टाइगर रिजर्व हुआ उजाड़... 1 लाख पेड़ काटकर 166 लोगों का कब्जा! ISRO की तस्वीरों ने मचाया हड़कंप

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बड़ा पर्यावरणीय मामला सामने आया है, जिसने वन विभाग और प्रशासन को सतर्क कर दिया है. यहां मौजूद टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जा और पेड़ों की कटाई का खुलासा हुआ है.जानकारी के मुताबिक, करीब 1 लाख पेड़ों को काटकर लगभग 106 हेक्टेयर जमीन पर अतिक्रमण किया गया है. इस पूरे मामले का खुलासा इसरो की सैटेलाइट इमेजरी और ड्रोन सर्वे के जरिए हुआ. CARTOSAT सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों- 2008, 2010, 2012 और 2022 की तुलना करने पर साफ पता चला कि सालों से यहां लगातार जंगल की कटाई हो रही थी. पहले जहां घना जंगल था, वहां अब बड़े हिस्से में खाली जमीन दिखाई दे रही है

वन विभाग की कार्रवाई शुरू
वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में 166 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिन पर वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई हो सकती है. अगर आरोप साबित होते हैं, तो इन सभी को जेल भी जाना पड़ सकता है. उपनिदेशक वरुण जैन के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है. टीम द्वारा काटे गए पेड़ों का पंचनामा तैयार किया जा रहा है, ताकि सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें और कानूनी प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके. अधिकारियों के मुतबिक यह क्षेत्र टाइगर रिजर्व का कोर एरिया है, जहां किसी भी तरह की मानवीय गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित होती है. ऐसे में इस तरह का अतिक्रमण बेहद गंभीर मामला है.

यह घटना न सिर्फ वन्यजीवों के लिए खतरा है, बल्कि पर्यावरण संतुलन पर भी बड़ा असर डाल सकती है. विशेषज्ञों के अनुसार, इतने बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई से जैव विविधता को नुकसान पहुंचता है और वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास भी खत्म होता है. स्थानीय प्रशासन ने साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और कड़ी की जाएगी.