समीक्षा बैठक में खुली पोल : बजट का उपयोग नहीं करने वाले चार जिलों के सहायक आयुक्तों को कारण बताओ नोटिस जारी
समीक्षा बैठक में खुली पोल : बजट का उपयोग नहीं करने वाले चार जिलों के सहायक आयुक्तों को कारण बताओ नोटिस जारी
आदिम जाति,अनुसूचित जाति,अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं, आय-व्यय तथा आगामी कार्ययोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
प्रमुख सचिव ने विभागीय योजनाओं में बेहतर कार्य करने वाले जिलों की सराहना की।
वहीं विभिन्न मदों के बजट आवंटन का सदुपयोग न करने वाले चार जिले बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, जशपुर और बिलासपुर के सहायक आयुक्तों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए आश्रम छात्रावासों की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। छात्रावासों में अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों के मानसिक और नैतिक विकास पर दें ध्यान
उन्होंने "प्रोजेक्ट संकल्प' के तहत विद्यार्थियों के सांस्कृतिक, मानसिक एवं नैतिक विकास को और मजबूत करने के लिए ध्यान और योग को भी शामिल करने की बात कही। इसके अलावा सेप्टिक टैंकों की सफाई मैनुअल तरीके से न कराकर, नगरीय निकायों के माध्यम से सक्शन मशीनों से कराने के निर्देश दिए।