छत्तीसगढ़ में ई-श्रम साथी एप लॉन्च, श्रमिकों को मिलेगा घर बैठे रोजगार और योजनाओं का लाभ

छत्तीसगढ़ में ई-श्रम साथी एप लॉन्च, श्रमिकों को मिलेगा घर बैठे रोजगार और योजनाओं का लाभ

छत्तीसगढ़ में ई-श्रम साथी एप लॉन्च, श्रमिकों को मिलेगा घर बैठे रोजगार और योजनाओं का लाभ

छत्तीसगढ़ सरकार ने श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए तेज़ी से ठोस पहल की है. इसी दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रम विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा के दौरान "ई-श्रम साथी" मोबाइल एप का शुभारंभ किया.

यह एप श्रमिकों को घर बैठे रोजगार, योजनाओं और सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का डिजिटल प्लेटफॉर्म बनेगा. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब उनका असर ज़मीन पर दिखाई दे और अंतिम श्रमिक तक सुविधा पहुंचे. सरकार का फोकस अब केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी पर है.

श्रम विभाग की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय समीक्षा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय स्थित महानदी भवन में श्रम विभाग के कार्यों और योजनाओं की गहन समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैदानी अमला पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करे. मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का मूल्यांकन केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि श्रमिकों के जीवन में आए ठोस बदलाव से होना चाहिए. बैठक में श्रम मंत्री लखन देवांगन भी उपस्थित रहे.

नई श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रमिकों के हित में देशव्यापी स्तर पर व्यापक सुधार हुए हैं. उन्होंने चार नई श्रम संहिताओं मजदूरी संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशाएं संहिता 2020 का उल्लेख करते हुए निर्देश दिया कि छत्तीसगढ़ में इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. इससे श्रमिकों को सुरक्षित, संरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिल सकेगा.