जर्मनी की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर म्युनिख पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
जर्मनी की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर म्युनिख पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जर्मनी की तीन की राजकीय यात्रा पर म्युनिख पहुंचे। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि इस यात्रा के दौरान श्री सिंह जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। इसमें मुख्य रूप से दोनों देशों के बीच सामरिक रक्षा भागीदारी और मजबूत करने पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा।
दोनों रक्षा मंत्रियों की मौजूदगी में रक्षा औद्योगिक सहयोग की रूपरेखा और संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना अभियानों के लिए प्रशिक्षण में सहयोग समझौतों को लागू करने के बारे में हस्ताक्षर होने की संभावना है। श्री राजनाथ सिंह जर्मनी के रक्षा उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
इस दौरान संयुक्त विकास और मेक इन इंडिया पहल के अंतर्गत सह उत्पादन को बढ़ावा देने पर विचार किया जाएगा। भारत और जर्मनी के बीच सुदृढ़ और बहुआयामी सामरिक भागीदारी है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन तथा नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है। आने वाले वर्षों में रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग इस साझेदारी का महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरेगा।