देश में भीषण गर्मी और लू का कहर तेज, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 95 भारत के
देश में भीषण गर्मी और लू का कहर तेज, दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 95 भारत के
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ता जा रहा है। दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 95 शहर भारत में हैं। कई स्थानों पर तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
दिल्ली, लखनऊ, नागपुर, अकोला, भुवनेश्वर और भोपाल जैसे शहरों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। लंबे समय तक गर्मी रहने से हीट स्ट्रोक, पानी की कमी और बिजली की खपत बढ़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कल तक लू के हालात बने रहेंगे।
ओडिशा में कल कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा, जबकि तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में बुधवार तक ऐसे हालात बने रहने का अनुमान है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कल कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है